काम के लिए एमएलए तक होते हैं परेशान : सांसद

"सांसद ने कहा, जो काम अधिकारी कर सकते हैं उनके लिए भी विधायक होते हैं परेशान"

जनजाति क्षेत्रों के छात्रावासों में टॉयलेट नहीं होने के मुद्दे पर सांसद देवजी पटेल सख्त नाराज हो गए और जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि छोटे से काम के लिए भी एमएलए को परेशान करते हो, शर्म नहीं आती। सांसद पटेल सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया द्वारा जनजाति छात्रावासों में मात्र एक ही टॉयलेट होने से बच्चों को खुले में शौच जाने की मजबूरी को लेकर उठाए सवाल पर टीएडी अधिकारी से जवाब मांग रहे थे। सांसद पटेल ने कहा कि कभी छात्रावासों में जाकर देखा भी है कि वहां रह रहे बच्चों को सभी सुविधाएं मिल भी रही है या नहीं। विधायक समाराम गरासिया ने कहा कि 50 स्टूडेंट वाले छात्रावास में मात्र एक ही टॉयलेट होने से टीएडी अधिकारी से बात की थी तो उन्होंने बजट नहीं होने का हवाला देते हुए विधायक को टीएडी मुख्यालय उदयपुर से बजट स्वीकृत कराने की राय दे डाली। इस पर बात पर सांसद नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि विधायक को बत्तीसा नाला और सालगांव परियोजना जैसे बड़े काम के लिए बोला करें छोटे-मोटे काम अपने स्तर पर ही निपटाने चाहिए। सांसद पटेल ने टीएडी अधिकारी को 50 स्टूडेंट वाले छात्रावासों में 10 टॉयलेट वाले बॉक्स तथा इससे अधिक स्टूडेंट वाले छात्रावास में 10-10 टॉयलेट के दो बॉक्स विधायक सांसद फंड से बनवाने की सलाह दी।

छाया रहा पेयजल संकट का मुद्दा
बैठक में पेयजल संकट को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जमकर सवाल उठाए। सभापति ताराराम माली ने अणगौर बांध में पानी होने के बावजूद जलापूर्ति में पीएचईडी की लापरवाही को उजागर किया। विधायक समाराग गरासिया और रेवदर प्रधान पूंजाराम मेघवाल ने हैंडपंप खुदाई में मात्र 10 पाइप डालकर बिना पानी आए काम को छोड़ने की प्रवृत्ति पर आपत्ति जताई। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पेयजल संकट की समस्या बताई।

जनप्रतिनिधियोंको बताकर तैयार करें तकमीना
बैठकमें जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया ने विकास योजनाओं के लिए बनाये जाने वाले तकमीने का निर्धारण क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की जानकारी में लाकर करने की आवश्यकता जाहिर की। प्रधान प्रज्ञा कंवर ने जनता जल योजना के सुचारू संचालन और पेयजल टैंकर परिवहन व्यवस्था का निर्धारण जिम्मेदारी से करने को कहा।
इस मौके कलेक्टर वी.सरवन कुमार, सीईओ वीसी गर्ग ने योजनाओं से अवगत कराया।


सिरोही. जिलापरिषद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधि।

0 टिप्पणियाँ:

आपके अतुल्य कमेंट के लिये कैप्स परिवार आपका आभारी है, हमें बेहतर सेवा देना का अवसर प्रदान करे।