SBI ने अपने ग्राहकों को दी ये खास सुविधा, फ्री में उठाइये इसका फायदा

नई दिल्ली. देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के साथ मिलकर रूपे का प्लेटिनम डेबिट कार्ड लॉन्च किया है। एनपीसीआई के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ एपी होता ने कहा कि रूपे ग्राहकों को सुविधा देने वाले स्पेशल फीचर्स के साथ आने वाला कार्ड है, जो एटीएम और ऑनलाइन भुगतान दोनों ही प्लेटफॉर्म पर काम करता है।

फ्री में दिया जा रहा है ये कार्ड

फिलहाल, यह कार्ड ग्राहकों को फ्री में जारी किया गया है, लेकिन ग्राहकों को हर तिमाही में 50,000 रुपए का बैलेंस रखना होगा। जल्द ही एनपीसीआई इंटरनेशनल रूपे डेबिट कार्ड भी जारी करेगा। जनवरी 2016 में रूपे का क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च किया जाएगा।

बिल भुगतान पर मिलेगा 5 प्रतिशत कैशबैक

यह कार्ड यूटिलिटी बिलों के भुगतान पर 5 प्रतिशत कैशबैक के साथ-साथ एक्सिडेंट में मौत होने और पूरी तरह से अक्षम होने की स्थिति में 2 लाख रुपए तक का बीमा जैसी सुविधा अपने ग्राहक को देता है।आपको बता दें कि इस समय स्टेट बैंक के कुल 19.7 करोड़ डेबिट कार्ड इस्तेमाल किए जाते हैं, जिनमें से 4.5 करोड़ डेबिट कार्ड रूपे प्लेटफॉर्म पर आधारित कार्ड हैं।

ये मिलेंगी सुविधाएं

> पेट्रोल या डीजल भरवाने पर 1 फीसदी की छूट
> हवाई अड्डे के लाउंज में प्रवेश के लिए कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं
> एक्सिडेंट में मौत होने पर 2 लाख रुपए तक का बीमा
> शॉपिंग के दौरान इस्तेमाल करने पर डिस्काउंट वाउचर्स
> अन्य विशेष सेवाओं में महत्वपूर्ण

जल्द आएगा ई-वॉलेट

यह भी संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही स्टेट बैंक डिजिटल बैंकिंग को फोकस करते हुए पेटीएम जैसा ई-वॉलेट भी लॉन्च कर सकता है। इससे खरीदारी, बिल भुगतान और टैक्सी का किराया देने जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

पीएनबी ने किया एलान, अब ईएमआई होगी कम

सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे बड़े पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से लोन लेने वाले ग्राहकों को अब ईएमआई से राहत मिल सकेगी। बैंक ने ग्राहकों को राहत देते हुए बेस रेट को 0.25 फीसदी घटा कर 10 फीसदी कर दिया है। पीएनबी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक बैंक का बेस रेट अब सवा दस फीसदी से घटा कर दस फीसदी किया गया है, जो कि 7 मई 2015 से लागू हो चुका है।

आईडीबीआई ने भी की कटौती

आईडीबीआई ने ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती की है, जिससे अब आधार दर 10 फीसदी हो गई है। कटौती के बाद की यह नई आधार दर 11 मई से लागू होंगी। आईडीबीआई बैंक ने यह कदम रिजर्व बैंक की हाल की नीतिगत उपायों को देखते हुए उठाया है। बैंक का मानना है कि इस कटौती से कर्ज लेने वालों की संख्या बढ़ेगी।

ये भी कर चुके हैं कटौती

इससे पहले बैंक आफ बड़ौदा ने 0.25 फीसदी और एक्सिस बैंक ने 0.20 फीसदी की कटौती की थी। बैंकों से सस्ती दरों पर लोन मिल सके, इसके लिए रिजर्व बैंक ने जनवरी से अभी तक ब्याज दरों में दो बार 0.5 फीसदी की कटौती की है। हालांकि, इसका फायदा अभी भी ग्राहकों को सही तरह से नहीं मिल पाया है।
#भास्कर

0 टिप्पणियाँ:

आपके अतुल्य कमेंट के लिये कैप्स परिवार आपका आभारी है, हमें बेहतर सेवा देना का अवसर प्रदान करे।