जब भी आप बिजनेस शुरू करने का मन बना रहे होते हैं, तो सबसे पहले खर्च दिमाग में आता है। बिजनेस में होने वाले मोटे खर्च की वजह से ही कुछ लोग आगे बढ़ने से चूक जाते हैं। लेकिन कुछ बिजनेस ऐसे हैं, जिन्हें घर से ही शुरू किया जा सकता है। इन बिजनेस को स्टार्ट करने में मोटी रकम खर्च करने की जरूरत भी नहीं हैं। किसी से एडवांस लेकर भी ये काम शुरू किए जा सकते हैं। मनी भास्कर आपको बता रहा है ऐसे ही 4 बिजनेस के बारे में, जिन्हें कम लागत में शुरू किया जा सकता है...
ये हैं वो 4 बिजनेस
1. डेकोरेटिंग बिजनेस
आजकल लोग किसी भी खास दिन को यादगार बनाना चाहते हैं। किसी त्योहार की बात हो या शादी, पार्टी और बर्थडे की सभी लोग डेकोरेशन पर खासा ध्यान देते हैं। ऑफिस और रुटीन पार्टियों में भी डेकोरेटिंग की जरूरत होती है। आप यदि डेकोरेशन के बारे में थोड़ा भी जानते हैं, तो यह आपके लिए बेहद फायदेमंद है। आपको बस डेकोरेशन की यूनीक थीम्स, रंग और लाइट्स समझ होनी चाहिए। तब आप डेकोरेटर बनकर अच्छा पैसा कमा सकते हैं। इसके लिए आपको क्लाइंट ढूंढने भी नहीं जाना होगा। सोशल मीडिया या लोकल केबल नेटवर्क के जरिए अपना विज्ञापन करें। इंटीरियर डिजाइनिंग का शौक रखने वाले लोग भी ये बिजनेस शुरू कर सकते हैं। इसमें लागत की भी कोई चिंता नहीं। आप ऑर्डर देने वाले से इनिशियल पेमेंट या बुकिंग अमाउंट ले सकते हैं। ये बुकिंग अमाउंट 500 रुपए से लेकर 5000 रुपए तक हो सकता है। आप अपने घर में ऑफिस खोलकर ये बुकिंग शुरू कर सकते हैं।
2. इवेंट प्लानर
यह ऐसा पेशा है, जिसमें आप 12 महीने व्यस्त रह सकते हैं। कभी त्योहार, कभी जन्मदिन तो कभी शादी की सालगिरह की पार्टी होती रहती हैं। लोग ऐसे समय में अपना टाइम बचाने के लिए पार्टी प्लानर ढूंढ़ते हैं। ऐसे में आप पार्टी प्लानर बनकर ऐसे लोगों को अपनी सेवाएं देकर पैसा कमा सकते हैं। इसके लिए भी बुकिंग अमाउंट से ही उनकी पार्टी प्लान कर सकते हैं। कुछ आसपास के रेस्त्रां या फिर होटल से टाइअप करके उनके साथ पार्टी अरेंज कर सकते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा बड़ी टीम की जरूरत नहीं है।
3. केटरिंग बिजनेस
अगर आप खाना बनाने में माहिर हैं और आपके हाथों के बने खाने के सब कायल हैं तो इसे ही अपना बिजनेस ही बना लीजिए। त्योहार हो या फिर आम दिन खाने के शौकीनों की कमी नहीं है। आप पार्टीज के लिए बुकिंग ले सकते हैं और उन्हें अपनी केटरिंग सर्विस उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए भी बुकिंग अमाउंट लिया जा सकता है। यानी इस बिजनेस में भी किसी मोटे इन्वेस्टमेंट की जरूरत नहीं है।
4.क्राफ्ट एंड गिफ्ट बास्केट
अगर आप क्रिएटिव हैं तो ये बिजनेस आपके लिए है। ज्यादातर लोग गिफ्ट्स के लिए यूनीक आइडिया तलाशते हैं। आप चाहें तो अपने क्राफ्ट्स गिफ्ट आइटम्स के रूप में बेच सकते हैं। वहीं अगर आपके पास इतना समय नहीं है कि आप क्राफ्ट बनाएं तो आप बाजार से कुछ आइटम खरीद कर गिफ्ट बास्केट्स तैयार कर सकते हैं। आप बाथ बास्केट, कॉफी या चॉकलेट बास्केट, गार्डनिंग बास्केट, टॉय बास्केट, आदि बना सकते हैं। ये बिजनेस भी काफी मुनाफे वाला साबित हो सकता है।
0 टिप्पणियाँ:
आपके अतुल्य कमेंट के लिये कैप्स परिवार आपका आभारी है, हमें बेहतर सेवा देना का अवसर प्रदान करे।