20 हजार रुपए के नीचे आ सकती है सोने की कीमतें

सोने की कीमतों में गिरावट को लेकर रोजाना नए अनुमान जारी हो रहे हैं। घरेलू बाजार में भाव पहले 25,000 उसके बाद 23,000 और अब 20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आने का दावा किया जा रहा है। इन्‍वेस्‍टमेंट बैंकर मॉर्गन स्टेनली ने अपनी हाल की रिपोर्ट में कहा है कि अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोने के भाव गिरकर 800 डॉलर प्रति औंस तक आ सकते हैं। वहीं, घरेलू बाजार में सोने की कीमतें 20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे आने का दावा किया जा रहा है। मॉर्गन स्‍टेलनी का कहना है कि ग्‍लोबल बाजार में सोने में निवेश का सेंटीमेंट खराब है। निवेशक सोने में निवेश से दूरी बना रहे हैं।

दुनिया के बड़े बैंक और निवेशक का अनुमान
मॉर्गन स्टेनली ने 22 जुलाई को जारी रिपोर्ट में कहा कि सोने के लिए माहौल खराब होता जा रहा है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें 1086.18 डॉलर प्रति औंस पर आ गई थीं, जो कि मार्च 2010 के बाद का निचला स्तर था। 2008 में सोना 800 डॉलर प्रति औंस था। मॉर्गन स्टेनली ने 2015 के लिए औसत कीमत 1190 डॉलर रहने का अनुमान लगाया है।
गोल्डमैन सैक्‍स के मुताबिक अमेरिका ब्याज दरें बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, जिसके कारण डॉलर मजबूत हो रहा है। वहीं, निवेशक सोने में पैसा लगाने से बच रहे हैं। गोल्डमैन ने कहा कि सोने की कीमत 1000 डॉलर प्रति औंस तक फिसल सकती है।

इन कारणों से गिरावट का अंदेशा
- अमेरिका में ब्‍याज दरें बढ़ने की संभावना
- डॉलर इंडेक्‍स में लगातार मजबूती
- निगेटिव रिटर्न, ईटीएफ की भारी बिकवाली
- चीन और भारत में मांग में भारी गिरावट
- इरान और ग्रीस मसले के समाधान से सुरक्षित निवेश का रुझान घटना

क्‍या है कमोडिटी एक्‍सपर्ट जिम रोजर्स का अनुमान
दिग्गज निवेशक और कमोडिटी गुरु के नाम से मशहूर जिम रोजर्स के अनुमान के मुताबिक सोने में गिरावट अभी बाकी है और भाव 960 डॉलर प्रति औंस तक आ सकते हैं। उनका कहना है, ‘सोने की कीमतों में पिछले कई वर्ष से 50 फीसदी की गिरावट नहीं आई है, यह आश्चर्य की बात है। मुझे नहीं पता कि मैं सोने में कब निवेश करुंगा, लेकिन 50 फीसदी की गिरावट आती है तो कीमत 960 डॉलर होगी।

घरेलू बाजार में 20,000 से नीचे आएंगे भाव!
केडिया कमोडिटी के प्रबंध निदेशक अजय केडिया ने मनी भास्‍कर को बताया कि सोने की कीमतों में गिरावट दौर जारी रह सकता है। फिलहाल ऐसा कोई फैक्टर नहीं है, जो सोने की कीमतों को सहारा दे सके। केडिया ने बताया कि मॉर्गन स्टेनली हो या फिर कमोडिटी गुरु जिम रोजर्स सभी एक सुर में बोल रहे हैं कि सोने की कीमतों में भारी गिरावट आएगी। केडिया के मुताबिक सोने की कीमतें 20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे फिसल सकती हैं। यदि ग्‍लोबल बाजार में सोने की कीमतें 800 डॉलर तक आती हैं, तो घरेलू बाजार में 10 फीसदी आयात शुल्‍क के साथ भाव करीब 18000 रुपए प्रति 10 होगा। (इसमें डॉलर का मूल्‍य 64 रुपए माना गया है।)

ईटीएफ कर रहे हैं जमकर बिकवाली
दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड ईटीएफ एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट ने बुधवार को 2.38 टन सोने की बिकवाली की। एसपीडीआर के पास अब 687.31 टन सोना बचा है, जो कि सितंबर 2008 के बाद सबसे कम है। इस महीने फंड 24 टन सोना बेच चुकी है। ईटीएफ में लगातार बिकवाली का मतलब साफ है कि दुनियाभर के निवेशक सोने से अपना पैसा निकाल रहे हैं

0 टिप्पणियाँ:

आपके अतुल्य कमेंट के लिये कैप्स परिवार आपका आभारी है, हमें बेहतर सेवा देना का अवसर प्रदान करे।