सिर्फ 3 बीघा खेत का मालिक ये किसान पिछले 6 साल से कर रहा है हर महीने 1 लाख रूपए की कमाई

सच्‍ची लगन और मेहनत से किया गया काम कभी व्‍यर्थ नहीं जाता। इस बात को सच कर दिखाया है सिरोही के एक छोटे से किसान ने। घाटे का सौदा समझे जाने वाले खेती के व्‍यवसाय से अपनी इसी मेहनत के बल पर आज वह करीब एक लाख रुपए प्रतिमाह कमा रहे हैं।

धांता गांव निवासी किसान बाबाराम मेघवाल महज तीन बीघा खेत में गुलाब की खेती करते हैं और रोजाना तीन से चार हजार रुपए की कमाई कर रहे हैं। बाबाराम ने 2008 में 5 हजार रुपए लगाकर गुलाब की खेती शुरू की थी। वे पिछले छह साल से गुलाब की खेती कर रहे हैं। इस तीन बीघा खेत से सीजन में प्रतिदिन 40-45 किलोग्राम गुलाब की पैदावार होती है।
वर्तमान में गुलाब 70-75 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। इस हिसाब से उनकी प्रतिदिन की आय करीब 3,000 रुपए से अधिक है और हर महीने करीब करीब एक लाख रुपए है।
हालांकि, इनदिनों गुलाब का सीजन नहीं होने से पैदावार थोड़ी कम हो गई है। बाबाराम गुलाब के साथ दो बीघा खेत में हजारी फूल भी पैदा करते हैं, जिसकी आय अलग है। गुलाब की खेती के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बाबाराम मेघवाल को 10,000 रुपए का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया था।
बाबाराम ने बताया कि उनके यहां के गुलाब सिरोही, गोयली, जावाल, बरलूट, सिरोड़ी, अनादरा समेत आसपास के क्षेत्रों में बिकने जाते हैं। बारिश के दौरान पैदावार अधिक होती है। कड़ाके की ठंड और लू चलने पर पैदावार कम हो जाती है। आमदिनों में 10-12 किलोग्राम गुलाब उतरते हैं, जबकि सीजन में इसकी पैदावार 40-45 किलोग्राम तक पहुंच जाती है।

0 टिप्पणियाँ:

आपके अतुल्य कमेंट के लिये कैप्स परिवार आपका आभारी है, हमें बेहतर सेवा देना का अवसर प्रदान करे।