सालों से जुटे सामाजिक सरोकार के कार्यों में, जीवाणा में संत के सान्निध्य में समाज छात्रावास का भी हो रहा निर्माण
सायला उपखंड क्षेत्र के लुंबा की ढाणी राजाराम आश्रम के संत रघुनाथराम महाराज ने चौधरी समाज में शिक्षा की अलख जगाने का बीड़ा उठाया है। संत की ओर से ना केवल समाज के लोगों के साथ बैठक कर उनको शिक्षा का माहौल बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा हैं, बल्कि होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षा के ढांचागत निर्माण पर भी लोगों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। बकौल संत रघुनाथराम महाराज वर्तमान में शिक्षा से ही समाज में बदलाव आएगा तथा कुरीतियां मिटेंगी। लुंबा की ढाणी जैसे छोटे से गांव में स्थित अपने आश्रम से संत ने पहले गांव के लोगों को जागरूक किया। गांव के मौजीज लोगों ने भी संत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शिक्षा के पुण्य कार्य में सहयोग करना शुरू किया। संत की ओर से लुंबा की ढाणी एवं आसपास के गांवों में हर साल स्कूली बच्चों के लिए मिठाई वितरण एवं गरीब बच्चों को स्कूल पोशाक का वितरण करने के साथ समाज की प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सायला में ब्लॉक स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाता है। संत के सान्निध्य एवं उनकी प्रेरणा से जीवाणा उप तहसील मुख्यालय पर चौधरी समाज के छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण कार्य चल रहा है। करीब एक साल पहले शुरू हुए इस छात्रावास की पूरी देखरेख संत की ओर से की जाती है। लुम्बा की ढाणी में राजाराम महाराज की बरसी का आयोजन पर संत की प्रेरणा से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। शिक्षा के प्रति जागरूकता के कार्य को लेकर समाज के युवाओं एवं बुजुर्ग भी इस पुनीत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
जिले की शैक्षिक प्रतिभाओं को नकद राशि से सम्मानित करेंगे
शिक्षा के प्रति महंत के लगाव के चलते उन्होंने गांव में शिक्षा के लिए करीब सवा सात लाख रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की है। संत का कहना है कि उनकी जिले में हर साल जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की योजना हैं। जिसमें समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संत ने एक कमेटी बनाई है जिसमें समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को शामिल किया है। संत ने घोषणा की कि दसवीं बोर्ड में प्रथम को 21 सौ, द्वितीय को 15 सौ एवं तृतीय को 11 सौ एवं बारहवीं बोर्ड में प्रथम को 31 सौ, द्वितीय को 25 सौ तृतीय स्थान पर आने वाले को 21 सौ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं कॉलेज शिक्षा में प्रथम, द्वितीय तृतीय को क्रमश : 71 सौ, 61 सौ 51 सौ रुपए की राशि दी जाएगी।
संतों की पहल सराहनीय
संतद्वारा धार्मिक कार्यों के साथ शिक्षा की अलख जगाने का भी कार्य किया जा रहा है जो सराहनीय है। संतों की ओर से अगर शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह का माहौल बनाया जाएगा तो आने वाले दिनों में कोई अनपढ़ नहीं रहेगा।
0 टिप्पणियाँ:
आपके अतुल्य कमेंट के लिये कैप्स परिवार आपका आभारी है, हमें बेहतर सेवा देना का अवसर प्रदान करे।